रांची-झारखंड की राजधानी रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा 2026 के री इवैल्यूएशन परिणाम में ऐसा मुकाम हासिल किया है जिसने सभी को चौंका दिया है। उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच के बाद उनके कुल अंक बढ़कर 500 में 500 हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ वह राज्य की शीर्ष विद्यार्थियों में शामिल हो गई हैं।
प्रारंभिक परिणाम घोषित होने के बाद अवनी को लगा था कि अंग्रेजी और बिजनेस स्टडीज विषय में उनके अंक अपेक्षा से कम दिए गए हैं। खासकर अंग्रेजी में कम अंक मिलने पर उन्हें आश्चर्य हुआ। ऐसा इसलिए क्योंकि यह उनका सबसे पसंदीदा और मजबूत विषय रहा है। इसी कारण उन्होंने री इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने का फैसला किया।
दोबारा मूल्यांकन के बाद अंग्रेजी में उनके 19 अंक और बिजनेस स्टडीज में 5 अंक बढ़े। कुल 24 अंकों की बढ़ोतरी के साथ उनका अंतिम स्कोर 500 में 500 पहुंच गया। अवनी ने बताया कि उन्हें भरोसा था कि अंक बढ़ेंगे लेकिन सभी मुख्य विषयों में पूर्णांक मिलने की उम्मीद नहीं थी। अवनी ने इंग्लिश कोर, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथेमेटिक्स में 100-100 अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा अतिरिक्त विषय ग्राफिक्स में उन्हें 99 अंक प्राप्त हुए हैं। उनका यह प्रदर्शन उन्हें प्रदेश के सबसे उत्कृष्ट छात्रों की श्रेणी में खड़ा करता है।
dharmpath.com dharmpath