अयोध्या के बाद अब बद्रीनाथ दान विवाद

बद्रीनाथ-अयोध्या के राम मंदिर के बाद अब बद्रीनाथ धाम में दान और चढ़ावे में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर इसको लेकर कई दावे सामने आने के बाद लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं. अब जानकारी सामने आई है कि 1 जुलाई को मंदिर परिसर में लगे सभी CCTV कैमरे बदल दिए गए थे. यह बदलाव उन आरोपों के सामने आने से कुछ दिन पहले हुआ, जिससे विवाद और बढ़ गया. इस मामले में श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने जांच शुरू कर दी है और संबंधित कर्मचारियों से जवाब भी मांगा गया है.

मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ ने CCTV कैमरे बदलने को लेकर सफाई दी. उन्होंने कहा कि यह किसी विवाद से जुड़ा फैसला नहीं, बल्कि एक नियमित प्रक्रिया के तहत किया गया. उनके मुताबिक, एक दानदाता ने मंदिर को हाई-रिजॉल्यूशन वाले नए CCTV कैमरे भेंट किए थे, जिसके बाद सभी 32 कैमरों को बदला गया. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुराने कैमरों की रिकॉर्डिंग DVR सिस्टम में पूरी तरह सुरक्षित है और जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जाएगा.

BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित जांच के आदेश दिए हैं. समिति का कहना है कि किसी भी कर्मचारी को बिना जांच के दोषी नहीं माना जाएगा. लेकिन अगर जांच में किसी की लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जांच पूरी होने तक अध्यक्ष के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को मंदिर से जुड़े सभी कार्यों से अलग कर दिया गया है. इससे साफ है कि समिति मामले को पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाना चाहती है और किसी भी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं करेगी.

 

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493