नई दिल्ली-भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया है। 31 वर्षीय सिंधु इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को अपने नाम करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने जापान की अकाने यामागुची को लगातार गेमों में 21-17, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया। करीब 50 मिनट तक चले इस मुकाबले में सिंधु ने शुरुआत से अंत तक शानदार प्रदर्शन किया।
यह जीत सिंधु के लिए इसलिए भी खास रही क्योंकि वह चार साल बाद अकाने यामागुची को किसी पूरा खेले गए मुकाबले में हरा सकी हैं। इससे पहले यामागुची के खिलाफ उनकी पिछली जीत थाईलैंड ओपन 2022 में दर्ज हुई थी। हालांकि, पिछले साल मलेशिया ओपन में यामागुची चोट के कारण मैच पूरा नहीं खेल सकी थी और रिटायर्ड हर्ट हो गई थीं।
जापान ओपन का यह खिताब सिंधु के करियर का पहला सुपर-750 खिताब है। साथ ही 2019 में विश्व चैंपियनशिप जीतने के बाद यह उनका सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब भी माना जा रहा है। उन्होंने दो साल बाद किसी बड़े टूर्नामेंट में ट्रॉफी अपने नाम की है। इससे पहले सिंधु ने 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल और 2022 में सिंगापुर ओपन सुपर-500 का खिताब जीता था।
dharmpath.com dharmpath