नई दिल्ली-13 अगस्त को देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज रहने वाली हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है.वहीं दिल्ली-NCR में आज मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ रह सकता है. राजधानी में हल्की बारिश के आसार हैं, हालांकि आज के लिए IMD की उप-विभागीय चेतावनी में कोई अलग अलर्ट नहीं है. इसके बावजूद बादल छाने और बीच-बीच में बारिश से उमस में कुछ राहत मिल सकती है.
दिल्ली में सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत शांत रह सकता है, लेकिन दिन बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर बादल विकसित होने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश बहुत व्यापक न भी हो, फिर भी कुछ इलाकों में अचानक बौछारें देखने को मिल सकती हैं. ऐसे में घर से निकलने वालों को मौसम पर नजर रखना बेहतर रहेगा.
उत्तर प्रदेश में आज मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है. गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर, बहराइच, गोंडा, अंबेडकर नगर, महाराजगंज और आसपास के इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. आंधी के दौरान बिजली के खंभों, पुराने पेड़ों और खुले स्थानों से दूरी बनाकर रखना जरूरी होगा.
dharmpath.com dharmpath