भोपाल-मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। सतना, चित्रकूट, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। सबसे गंभीर स्थिति चित्रकूट में है। वहां करीब 14 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के बाद मंदाकिनी नदी उफान पर है। साथ ही गोरगी डैम के फूटने के बाद बाढ़ जैसी स्थिती बन गई है। नदी में करीब 30 फीट ऊंची बाढ़ आने से रामघाट का बड़ा पुल तेज बहाव में बह गया। रामघाट और भरतघाट पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। जबकि, घाट किनारे बनी करीब 400 दुकानें भी बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। कई इलाकों में सड़कों पर नाव चलाकर लोगों को बाहर निकालने की नौबत आ गई है।
चित्रकूट में गोरगी बांध के फूटने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। बाढ़ का पानी नयागांव राजमहल के अंदर तक पहुंच गया है। कई लोग घरों और होटलों में फंसे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए SDRF की टीमें रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। मंदाकिनी का पानी कई मोहल्लों में फैल चुका है और प्रभावित क्षेत्रों में नावों के जरिए आवाजाही की जा रही है। सती अनसुइया में पानी रेलिंग तक पहुंच गया है।
dharmpath.com dharmpath