नई दिल्ली– रुपये ने बुधवार को सीमित दायरे में कारोबार किया और अंत में दो पैसे की मामूली गिरावट के साथ 94.97 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी पूंजी के प्रवाह से मिले समर्थन पर कमजोर घरेलू शेयर बाजार और मजबूत अमेरिकी डॉलर का असर भारी पड़ा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) रुपये की गिरावट पर नजर रख रहा है, क्योंकि ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत बढ़कर 95 डॉलर प्रति बैरल हो गई है और अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ने से बाजार में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के बीच डॉलर सूचकांक 99.80 के आसपास बना हुआ है।इसके अलावा, बाजार भागीदारों ने सितंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाने की संभावना जताई है। इससे अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ा है और डॉलर में व्यापक तेजी आई है।आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.97 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.83 के ऊंचे और 94.99 के निचले स्तर तक गया। कारोबार के अंत में रुपया यह 94.97 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की गिरावट है।
मजबूत अमेरिकी डॉलर, बाजार में जोखिम से बचने का माहौल, बढ़ता चालू खाता घाटा और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों जैसी चुनौतियों के बावजूद रुपया एशियाई मुद्राओं में एक स्थिर मुद्रा बना हुआ है। हमें उम्मीद है कि निकट अवधि में स्पॉट USDINR 94.70 से 95.30 के दायरे में कारोबार करेगा।
dharmpath.com dharmpath