नई दिल्ली-फ़ोर पीएम न्यूज़ नेटवर्क ने आरोप लगाया है कि उसके दो पत्रकारों की पुलिस थाने में पिटाई की गई
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया समेत पांच पत्रकार संगठनों ने दो महिला स्वतंत्र पत्रकारों से कथित मारपीट और बदसलूकी को लेकर निष्पक्ष जांच और ज़िम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है.
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, इंडियन विमेंस प्रेस कॉर्प्स, दिल्ली यूनियन ऑफ़ जर्नलिस्ट्स, प्रेस एसोसिएशन और केरल यूनियन ऑफ़ वर्किंग जर्नलिस्ट ने एक संयुक्त बयान जारी किया है.
बयान में कहा गया है कि पत्रकार शाहीन ख़ान और नफ़ीसा ख़ान दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से नए विंग के उद्घाटन की रिपोर्टिंग कर रही थीं.
बयान के मुताबिक़, साकेत थाने के पुलिसकर्मियों ने दोनों पत्रकारों के साथ मौके पर कथित तौर पर हाथापाई की और उन्हें पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गए, जहां महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दोनों से मारपीट की गई.
बयान में यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने दोनों की धार्मिक पहचान पूछी और इसके बाद उनके ख़िलाफ़ कथित तौर पर धर्म विशेष से जुड़े अपशब्दों का इस्तेमाल किया. दोनों पत्रकारों को एफ़आईआर दर्ज करने की धमकी भी दी गई.
प्रेस संगठनों ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के मुताबिक़ दोनों पत्रकारों के शरीर पर चोट के कई निशान थे.
dharmpath.com dharmpath