भोपाल-मध्य प्रदेश में प्रस्तावित सागर-सतना ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनने के बाद भोपाल से वाराणसी की सड़क यात्रा का समय काफी कम होने की उम्मीद है। करीब 227 किलोमीटर लंबा यह 4 लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर सागर, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, सीधी और रीवा जैसे क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देगा। मौजूदा करीब 760 किलोमीटर के रास्ते की तुलना में भोपाल से वाराणसी की दूरी लगभग 590 किलोमीटर तक सिमट सकती है और सफर करीब 8 घंटे में पूरा होने का अनुमान है।
इस परियोजना पर लगभग 9,850 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) इसकी तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रखने की योजना है।
सागर और सतना के बीच वर्तमान सड़क दूरी लगभग 300 किलोमीटर है। मौजूदा रास्ते पर ट्रैफिक और सड़क की स्थिति के कारण इस दूरी को तय करने में 6 से 8 घंटे तक लग जाते हैं। नया एक्सप्रेसवे बनने के बाद दोनों शहरों के बीच दूरी घटकर करीब 227 किलोमीटर रह जाएगी। इससे सागर से सतना की यात्रा लगभग 3 घंटे में पूरी होने की संभावना है। इसका फायदा भोपाल से रीवा जाने वाले यात्रियों को भी मिल सकता है। बेहतर और तेज सड़क मार्ग तैयार होने से बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के बीच आवागमन सुगम होगा।
dharmpath.com dharmpath