मुल्हीम एन देर रुहर (जर्मनी), 25 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अरविंद भट जहां 120,000 डॉलर इनामी राशि वाले जर्मन ओपन ग्रांप्री. गोल्ड के पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश करने में सफल रहे, वहीं अश्विनी पोनप्पा ने रूस के अपने जोड़ीदार व्लादिमिर इवानोव के साथ मिश्रित युगल वर्ग के पहले दौर में प्रवेश कर लिया।
मौजूदा चैम्पियन भट को हालांकि पहले दौर के मुकाबले में बुल्गारिया के ब्लागोवेस्ट किसयोव से कड़ी चुनौती मिली। 35 वर्षीय भट हालांकि 40 मिनट में यह मैच 21-6, 13-21, 21-15 से जीतने में सफल रहे।
भट अब बुधवार को दूसरे दौर में क्वालीफाईंग के जरिए प्रवेश करने वाले जर्मनी के पैट्रिक केमट्जि और फ्रांस के मैरिन बोउमान के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेंगे।
मिश्रित युगल वर्ग में पोनप्पा और इवानोव की जोड़ी पहले क्वालीफाइंग मुकाबले में रोडियोन कार्गेव और एकातेरिना बोलोतोवा की रूसी जोड़ी को सीधे सेटों में 21-19, 21-16 से मात दे दी।
इसके बाद अपने दूसरे क्वालीफाइंग मुकाबले में पोनप्पा-इवानोव ने 20 मिनट में लुकास क्लेयरबोउट और तेशाना विग्नेस वारान की फ्रांसिसी जोड़ी को 21-11, 21-10 से हराकर मुख्य मुकाबले में प्रवेश कर लिया।
पोनप्पा और इवानोव की जोड़ी अब पहले दौर में बुधवार को मैक्स श्वेंगर और कार्ला नेल्टे की जर्मन जोड़ी से भिड़ेगी।
dharmpath.com dharmpath