पर्थ, 28 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टर्न आस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन (वाका) मैदान पर शनिवार को जारी आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल-बी के अपने तीसरे मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीम को 102 रनों पर आउट कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम 31.3 ओवरों का सामना कर सकी। यूएई की ओर से शैमान अनवर ने सबसे अधिक 35 रन बनाए। खुर्रम खान ने 14 रनों का योगदान दिया। शैमान ने मंजूला जी. (नाबाद 10) के साथ अंतिम विकेट के लिए 31 रनों की साझेदारी की।
एक समय यूएई ने मात्र 71 रनों पर अपने नौ विकेट गंवा दिए थे लेकिन शैमान और मंजूला ने टीम को 100 रनों के ऊपर ले जाने में सफलता हासिल की। शैमान ने 49 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके लगाए।
खान ने 28 गेंदों पर एक चौका लगाया, जबकि शैमान के साथ 44 गेंदों तक भारतीय गेंदबाजों को परेशान करने वाले मंजूला ने 16 गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया।
भारत ने 13 रन अतिरिक्त के तौर पर दिए। यूएई के आठ बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सके। यूएई की टीम का यह विश्व कप में न्यूनतम स्कोर है।
भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने चार विकेट लिए जबकि रवींद्र जडेजा और उमेश यादव को दो-दो विकेट मिले। भुवनेश्वर कुमार और मोहित शर्मा ने भी एक-एक सफलता हासिल की।
अश्विन ने पहली बार एकदिवसीय करियर में मैच में चार विकेट लिए। वह विश्व कप में भारत की ओर से एक मैच में चार या उससे अधिक विकेट झटकने वाले भारत के तीसरे गेंदबाज हैं।
युवराज सिंह दो मौकों पर ऐसा कर चुके हैं। एक मौके पर युवराज ने पांच विकेट भी लिए हैं। अश्विन के अलावा अनिल कुम्बले ने 2003 विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ चार विकेट लिए थे।
भारत अपने ग्रुप में फिलहाल शीर्ष पर है। उसने अपने पहले मैच में पाकिस्तान और फिर दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को को हराया है। वहीं, अपना दूसरा विश्व कप खेल रहा यूएई अपने शुरुआती दोनों मैच जिम्बाब्वे और आयरलैंड के खिलाफ गंवा चुका है।
dharmpath.com dharmpath