जम्मू एवं कश्मीर में मौसम सुधरने के आसार

श्रीनगर, 3 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में मंगलवार से मौसम में सुधार आने की संभावना है। भारी बर्फबारी व कम दृश्यता की वजह से सड़क और हवाई यातायात लगातार दूसरे दिन भी प्रभावित रहे।

स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “आज (मंगलवार) दिन से बारिश में कमी आएगी। अगले दो से तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।”

ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

पहलगाम और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 2.3 डिग्री व शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

प्रांतीय प्रशासन ने कश्मीर घाटी में सोमवार और मंगलवार को होने वाली सभी बोर्ड व विश्वविद्यालयी परिक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने कहा, “दो और तीन मार्च को होने वाली कश्मीर विवि की सभी परीक्षाएं भारी हिमपात की वजह से स्थगित कर दी गई हैं। परीक्षा की नई तारीख के बारे में अलग से सूचित किया जाएगा।”

राज्य में पिछले दो दिनों के दौरान लगातार हुई बारिश व बर्फबारी से सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित हुआ है।

जम्मू शहर में अगले 24 घंटों के दौरान आंधी के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। जम्मू में सोमवार रात को तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम अधिकरी ने कहा, “लद्दाख क्षेत्र में आमतौर पर बदली रहेगी।”

लद्दाख क्षेत्र के लेह और करगिल कस्बे में मंगलवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से तीन डिग्री नीचे और शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493