बोको हराम ने आईएस में निष्ठा जताई

लंदन, 8 मार्च (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर अपने एक ऑनलाइन संदेश में आतंकवादी संगठन बोको हराम ने कट्टरपंथी इस्लामिक समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर की है। मीडिया रपटों से रविवार को यह जानकारी मिली।

ट्विटर पर शनिवार को जारी एक संदेश में बोको हराम के नेता अबूबकर शेकाउ ने कहा, “हम खलीफा के प्रति अपनी निष्ठा की घोषणा करते हैं और तंगी और समृद्धि, कठिनाई और आराम के समय में उन्हीं की आज्ञा का पालन करेंगे। हम भेदभाव किए जाने पर भी कमान संभालने वालों से उनकी सत्ता को लेकर बहस नहीं करेंगे, जब तक कि उनकी गलती का कोई सबूत अल्लाह से न मिल जाए।”

‘द गार्डियन’ में आई खबर के मुताबिक, संदेश में खलीफा का आशय इब्राहिम इब्न अवाद इब्न इब्राहिम अल-अवाद अल कुरैशी से है जिसे मुख्यत: अबू बकर अल-बगदादी के नाम से जाना जाता है। बगदादी आईएस का नेता है और मुस्लिम दुनिया का तथाकथित खलीफा भी।

बगदादी ने मध्यपूर्व, अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उत्तरी अफ्रीका के जिहादी समूहों की निष्ठा की प्रतिज्ञा को पहले ही स्वीकार कर लिया है।

इस्लामिक आतंकवादी समूह बोको हराम का स्थानीय भाषा में अर्थ ‘पश्चिमी शिक्षा पाप’ है। यह अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश नाइजीरिया में इस्लामी शरिया कानून लागू करने की मांग कर रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493