मेलबर्न, 15 मार्च (आईएएनएस)। फॉर्मूला वन सत्र-2015 की पहली रेस आस्ट्रेलियन ग्रां प्री से फोर्स इंडिया टीम सात अंक बटोरने में कामयाब रही।
टीम के चालक निको हल्केनबर्ग और सर्जियो पेरेज ने रविवार को एल्बर्ट पार्ट में हुई इस रेस में क्रमश: सातवां और 10वां स्थान हासिल किया।
दोनों हालांकि शनिवार को हुए क्वालीफाइंग में कुछ खास नहीं कर सके थे लेकिन मुख्य मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अंक अर्जित करने लायक स्थान हासिल करने में कामयाब रहे।
हल्केनबर्ग सर्किट में पेरेज से ज्यादा तेज नजर आए और केवल दो बार रूके। वहीं, पेरेज 38 लैप के बाद मरम्मत के लिए रूके और फिर आखिरी 19 लैप पूरे किए।
छह अंक हासिल करने वाले जर्मनी के हल्केनबर्ग ने नतीजे पर संतोष जताते हुए कहा सत्र की शुरुआत में ही टीम के दोनों चालकों द्वारा अंक अर्जित करना एक अच्छी शुरुआत है।
हल्केनबर्ग के अनुसार, “मैं आज के प्रदर्शन से खुश हूं। मैंने कोई बड़ी गलती नहीं की और हमारे कार की स्थिरता के कारण हम दूसरे चालकों की समस्याओं का फायदा उठाने में कामयाब रहे।”
साथ ही हल्केनबर्ग ने यह भी कहा कि टीम 29 मार्च को मलेशिया में होने वाली अगली रेस के लिए भी टीम कड़ी मेहनत कर रही है।
dharmpath.com dharmpath