पेरिस, 27 मार्च (आईएएनएस)। नेमार, लुइस गुस्तावो और ऑस्कर द्वारा किए गए एक-एक गोल की बदौलत ब्राजील ने गुरुवार को स्टेडे डे फ्रांस स्टेडियम में खेले गए एक दोस्ताना मैच में फ्रांस को 3-1 से हरा दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पिछले साल ब्राजील में आयोजित हुए फीफा विश्व कप के बाद फ्रांस की यह पहली हार है।
फ्रांस के राफेल वराने ने पहला गोल दाग कर मेजबान टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन इसके बाद ब्राजीलियाई खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की।
मैच के बाद निराश फ्रांस के कोच डिडियर डेस्चैम्प ने कहा, “हमें अपनी गलतियों की सजा मिली और अच्छी शुरुआत के बावजूद मैच तेजी से ब्राजील के पक्ष में चला गया।”
फ्रांस की ओर से पहला गोल मैच के 21वें मिनट में हुआ। ब्राजील ने हालांकि 40वें मिनट में ऑस्कर द्वारा दागे गए गोल की बदौलत बराबरी हासिल कर ली। इसके बाद दूसरे हाफ के आठवें मिनट में नेमार ने गोल कर ब्राजील को 2-1 से आगे कर दिया। तीसरा और आखिरी गोल गुस्तावो ने किया।
डुंगा के कोच बनने के बाद ब्राजील की यह लगातार सातवीं जीत है।
मैच से पूर्व मंगलवार को फ्रांस में हुए जर्मनविंग्स विमान हादसे में मारे गए 150 लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया।
dharmpath.com dharmpath