नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। इंडिया रनवे वीक (आईआरडब्लू) का चौथा संस्करण 10 अप्रैल से शुरू हो रहा है। यह तीन दिवसीय आयोजन फैशन और जीवनशैली के क्षेत्र में नया ट्रेंड स्थापित करने के अलावा फैशन शिक्षा को भी प्रोत्साहित करेगा।
इस आयोजन के लिए नई दिल्ली स्थित फैशनिस्टा स्कूल ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी ने इंडियन फेडरेशन ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (आईएफएफडी) के साथ हाथ मिलाया है, जिसका आयोजन छतरपुर के होटल ओपुलेंट में किया जाएगा।
इस साझेदारी से छात्रों में फैशन की समझ और इस क्षेत्र में कारोबार के लिए एक व्यापक मंच प्रदान कराने का वादा किया गया है।
फैशनिस्टा की प्रबंध निदेशक, नीतू पवन माणिकतालिया ने कहा, “इंडिया रनवे वीक डिजाइनरों के लिए एक बड़ा मंच है। फैशन छात्रों में फैशन की समझ विकसित करने के लिहाज से भी यह बेहतर है। इससे उन्हें वास्तविक अनुभव के साथ फैशन की स्पष्ट जानकारी मिलेगी।”
इस आयोजन के जरिए छात्र फैशन वीक के दबाव का अनुभव कर पाएंगे। इसके साथ ही वे घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय खरीददारों के साथ डिजाइनरों की बातचीत से भी मुखातिब होंगे।
आईएफएफडी के संस्थापक अविनाश पठानिया ने कहा, “फैशन और शिक्षा के बीच यह साझेदारी युवा भारतीय फैशन जगत के बीच फैशन समझ को साझा करने की दिशा में एक प्रयास है।”
dharmpath.com dharmpath