काहिरा, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। मिस्र की राजधानी काहिरा में सोमवार को ‘इंडिया बाइ द नील’ फिल्मोत्सव का उद्घाटन करने पहुंचे महानायक अमिताभ बच्चन के दिलोदिमाग पर यहां के लोगों की मेहमानवाजी ने अमिट छाप छोड़ी है।
अमिताभ ने अपने इस अनुभव के बारे में अपने आधिकारिक ब्लॉग ‘एसआरबच्चन डॉट टंब्लर डॉट कॉम’ पर लिखा।
उन्होंने लिखा, “मैं बीते कई वर्षो में चौथी दफा काहिरा लौटा हूं। यह फिल्मों में मेरे करियर को दर्शाता है। अब भी ऐसा लगता है कि जैसे मैं घर आया हूं। इस देश के लोगों की मुस्कान और उनके स्वागत का तरीका दिल छूने वाला है।”
बिग बी (72) ने लिखा, “उनकी मेहमानवाजी और सिनेमा के प्रति उनके प्यार ने मुझे उनसे रूबरू कराया। यह सब तुलना से परे है। यह एक ही परिवार के भाइयों का मिलना, एकजुट होना और एक-दूसरे के प्रति प्यार व प्रशंसा का इजहार करने जैसा है। यह काफी अनोखा है।”
उन्होंने कहा कि मुझे बताया गया कि यहां विदेशी फिल्मों के प्रदर्शन को लेकर कठोर नियमों के बावजूद उनकी फिल्म ‘मर्द’ दो साल तक चली।
समारोह में अमिताभ बच्चन की 1977 की सफल फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ दिखाई जाएगी।
30 मार्च से 17 अप्रैल तक चलने वाला ‘इंडिया बाइ द नील’ का आयोजन भारतीय दूतावास मिस्र के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के साथ ही काहिरा ओपेरा हाउस के साथ मिलकर कर रहा है। यह इसका तीसरा संस्करण है।
dharmpath.com dharmpath