रायपुर/ कोरबा, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के गांव पोंड़ी में बंटुरग (कैट बीयर) नामक विलुप्त प्रजाति का जानवर मिला है। सबसे पहले गांव के ही शिवरतन प्रजापति ने इस जानवर को देखा।
शिवरतन को देखते ही बंटुरग खुद-ब-खुद एक कमरे में जा घुसा। पहले तो घबराए शिवरतन ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद पूरे गांव में अजीबोगरीब जानवर के मिलने की खबर फैल गई।
कौतूहलवश देखने वालों का मजमा शिवरतन के घर लग गया। ग्रामीणों ने पहली बार इस तरह का जानवर देखा था। इसकी जानकारी नजदीक के वन विभाग को ग्रामीणों ने दी, पर हड़ताल में होने की वजह से कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इस बीच उसे दूध व पानी दिया गया।
वनकर्मियों के नहीं पहुंचने की वजह से बंटुरग को छोड़ दिया गया, पर वह कमरे के अंदर ही जमा रहा। जानकारों के अनुसार बंटुरग मध्य एशिया एवं श्रीलंका में पाया जाता है। छत्तीसगढ़ के कोरबा, धमतरी व जशपुर इलाके में भी कई बार इस जानवर के देखे जाने की खबरें आती रही है। यह मुख्य रूप से फल खाता है। इसके अलावा छोटे चूहे इसके प्रिय शिकार होते हैं।
गौरतलब है कि इसके पहले भी पोंड़ी में वर्षो पुराना एक कछुआ मिला था, जिसे बिलासुपर के कानन पेंडारी में भेजा गया था। बाद में वहां उसकी मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath