अगरतला/आइजोल, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। मिजोरम और त्रिपुरा में रातों रात हुई मौसमी चक्रवाती बारिश व आंधी से घरों को नुकसान पहुंचने के साथ ही बिजली आपूर्ति एवं सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि त्रिपुरा के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश व आंधी की घटनाओं में 1,000 से ज्यादा मकानों को नुकसान पहुंचा है। फसलों व वाहनों को भी नुकसान हुआ है। इसके अलावा 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
त्रिपुरा, मिजोरम और दक्षिणी असम में गुरुवार से ही चक्रवाती आंधी तबाही मचा रही है।
अगरतला के आपदा प्रबंधन केंद्र के एक अधिकारी ने कहा, “पिछली रात (रविवार) त्रिपुरा के विभिन्न इलाकों में बारिश के साथ आई आंधी से 1,000 से ज्यादा मकानों को नुकसान पहुंचा है।”
राज्य के बिजली निगम की रिपोर्ट के अनुसार, बारिश व आंधी से बिजली के 1,400 से अधिक खंभे उखड़ गए और बिजली की 800 किलोमीटर से ज्यादा लंबी तारें टूट गईं। 100 से ज्यादा बिजली वितरण स्टेशन प्रभावित हुए हैं।
त्रिपुरा में एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि बिजली ट्रांसमिशन लाइनें टूटने की वजह से त्रिपुरा का एक बहुत बड़ा हिस्सा अंधेरे में है।
त्रिपुरा में बिजली आपूर्ति और यातायात बहाली के लिए इंजीनियर और कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं।
त्रिपुरा के मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक दिलीप साहा ने आईएएनएस को बताया, “मौसमी उत्तरी-पश्चिमी चक्रवाती आंधी मानसून शुरू होने तक जारी रहेगी। बार-बार आने वाली उत्तरी-पश्चिमी आंधी इस वक्त देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर हिस्से के साथ-साथ कुछ कुछ अन्य हिस्सों में भी सक्रिय है।”
dharmpath.com dharmpath