हैदराबाद/चेन्नई, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में मंगलवार को पुलिस ने दो मुठभेड़ में 20 चंदन तस्करों को मार गिराया।
पुलिस ने बताया कि तस्करों ने हैदराबाद से करीब 500 किलोमीटर दूर चित्तूर के चंद्रगिरी मंडल में एक किलोमीटर के दायरे में दो स्थानों पर सुबह करीब पांच बजे शेषचलम के जंगलों में पुलिस पर हमला किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (कार्य बल) कांता राव ने आईएएनएस को बताया कि 100 से अधिक तस्करों और मजदूरों ने पुलिस पर हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाई।
राव ने बताया, “उन्होंने कार्य बल के जवानों पर लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला किया, जिसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में गोलियां चलानी पड़ीं।”
उन्होंने कहा कि मुठभेड़ सुबह पांच से छह बजे के बीच हुई।
राव ने कहा, “हम इसका पता लगा रहे हैं कि मुठभेड़ में कितने पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।’
कार्य बल और वन अधिकारियों ने मुठभेड़ में जान बचाकर भागे बाकी तस्करों और मजदूरों की तलाश में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
अधिकारी ने कहा कि मृतकों की शिनाख्त होनी बाकी है। माना जा रहा है कि वे सभी तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
पुलिस और वन अधिकारियों ने मुखबिर से चंदन तस्करों के जंगल में घुसने की सूचना मिलने के बाद सोमवार रात संयुक्त अभियान चलाया था।
सुरक्षाकर्मियों ने जंगल में पेड़ काटे जाने की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की।
आंध प्रदेश में चंदन तस्कर विशेष रूप से रायलसीमा क्षेत्र स्थित शेषचलम की पहाड़ियों और नेल्लोर जिले में पांव पसार रहे हैं। चंदन का जंगल 4.67 हेक्टेयर जमीन पर फैले होने का अनुमान है।
dharmpath.com dharmpath