शिलांग, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मेघालय में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को आतंकवादी संगठन गारो नेशनल लिबरेशन आर्मी (जीएनएलए) और यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के संयुक्त शिविर को ध्वस्त कर दिया। इस दौरा हुई गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया।
पूर्वी गारो हिल्स जिले के पुलिस प्रमुख डेविस मारक ने आईएएनएस से कहा, “घटना नोकरेक चोटी के पास दुरामा की है। सुरक्षा बल आतंकवादियों के ठिकानों का पता लगा रहे थे। इसी दौरान आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।”
मेघालय के स्पेशल वेपंस एंड टैक्टिक्स (स्वाट) कमांडोज ने गारो हिल्स में आतंकवादी गतिविधियों को बेअसर करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है।
मारे गए आतंकवादी की पहचान अभी तक उजागर नहीं हुई है। मारक ने प्राथमिक रपटों का हवाला देते हुए कहा कि पांच-छह आतंकवादी घायल भी हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इलाका दुर्गम था इसलिए वे सुरक्षा बलों से बातचीत करने में सक्षम नहीं थे।
प्रशिक्षण शिविर से एक पिस्तौल, तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (आईईडी) और राशन जब्त किया गया है।
दुरामा पर्वतीय इलाका विशाल घना वन क्षेत्र है। उल्फा और जीएनएलए सुरक्षित अभ्यारण्य के रूप में इसका इस्तेमाल करते हैं।
dharmpath.com dharmpath