तेलंगाना मुठभेड़ में घायल उपनिरीक्षक की मौत

हैदराबाद, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना के नालगोंडा जिले में शनिवार को आतंकवादियों से मुठभेड़ में घायल हुए एक पुलिस अधिकारी ने हैदराबाद के एक अस्पताल में मंगलवार को दम तोड़ दिया।

उपनिरीक्षक जी.डी.सिद्दैया ने कामिनेनी अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले तीन दिनों से उनका इस अस्पताल में इलाज चल रहा था।

चिकित्सकों ने कहा कि उन्हें अस्पताल में बेहद गंभीर स्थिति में लाया गया था और तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।

पुलिस अधिकारी को चार गोलियां लगी थी। चिकित्सकों ने तीन गोली बाहर निकाल दी, लेकिन सिर में घुसी चौथी गोली को वह नहीं निकाल पाए।

सिद्दैया की मौत उनके परिवार के लिए दुखों का पहाड़ साथ लाई है। उनकी पत्नी ने शनिवार को अपने पहले बच्चे को जन्म दिया।

नालगोड़ा जिले के जानकीपुरम में हुई इस मुठभेड़ में प्रतिबंधित इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के दो आतंकवादी मारे गए, जबकि एक सिपाही शहीद हो गया। इस दौरान, एक सर्किल इंस्पेक्टर व एक पुलिस निरीक्षक भी घायल हो गए थे। सर्किल इंस्पेक्टर की हालत स्थिर बताई जा रही है।

इससे पहले, बीते दो अप्रैल को आतंकी संगठन ने इसी जिले के सूर्यापेट कस्बे में एक होम गार्ड व दो पुलिसकर्मियों को मार डाला था।

इसी बीच, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के एक दल ने सूर्यापेट का दौरा किया तथा स्थानीय पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493