नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। युवा फैशन मूवमेंट इंडिया रनवे वीक के चैथे सत्र का उद्घाटन शुक्रवार को छतरपुर स्थित होटल एपुलेंट में हुआ। रंग बिरंगी रोशनियों से जगमगाते रैंप, मंत्रमुग्ध करती म्यूजिक की तेज धुनों और उन पर इठलाते हुए मॉडल्स ने डिजाइनर जेंजुम गादी के कलेक्शन के साथ तीन दिवसीय फैशन महाकुम्भ का शुभारंभ किया।
फैशन वीक का यह दौर 12 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस दौरान करीब 34 फैशन डिजाइनर अपने स्टाइलिश फैशन कलेक्शन को एक्सपर्ट्स के समक्ष प्रदर्शित करेंगे। फैशन शो के अलावा यहां सुबह 11.30 बजे से शाम सात बजे तक एग्जीबिशन का आयोजन किया जाएगा।
इंडियन फेडरेशन फॉर फैशन डेवलपमेंट (आई.एफ.एफ.डी) द्वारा युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और उन्हें एक बेहतर प्लेटफार्म देने के लिए इस फैशन वीक का आयोजन किया जा रहा है। इसमें परिधानों के पारंपरिक व आधुनिक कलेक्शन के अलावा बेहतरीन आभूषण व एसेसरीज के कलेक्शन को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
मौके पर आईएफएफडी के निदेशक अविनाश पठानिया ने कहा कि यह शो युवा डिजाइनरों के लिए अपने विशिष्ट संग्रह को थोक एवं रिटेल ग्राहकों, मीडिया तथा फैशन के माहिरों के समक्ष प्रदर्शित करने का नया मंच है।
आईएफएफडी की निदेशक किरण खेवा ने कहा कि आईआरडल्यू का यह संस्करण रचनात्मक परिदृश्य का एक अलग ही स्तर देखेगा तथा भारतीय फैशन उद्योग में व्यापार को एक नई दिशा देते हुए पीआईआरडब्लू को एक विशिष्ट ब्रांड के रूप में स्थापित करेगा।
पहले दिन मासूमी मेवावाला, मनीष पटेल, विशाला श्री, मेघा व जिगर, वरीजा बजाज, अनविता देव, रोहिणी गुगनानी, मुक्ति तिबरेवाल व मनीष गुप्ता ने अपने कलेक्शन पेश किए।
dharmpath.com dharmpath