पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने यहां मंगलवार को कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जानी चाहिए, बल्कि समाज और देश बनाने के लिए की जानी चाहिए।
पटना के गांधी मैदान में भाजपा द्वारा आयोजित कार्यकर्ता समागम में आए भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होते देखना चाहती है, इसके लिए लगातार मदद की जा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार और पश्चिम बंगाल के अत्यंत पिछड़े राज्य होने के कारण अतिरिक्त 20 हजार करोड़ रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है।
सिंह ने कहा कि बिहार में पुराने समय में नालंदा विश्वविद्यालय था, लेकिन आज यहां के छात्रों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए अन्य राज्यों में जाना पड़ रहा है। इसी तरह यहां के किसानों के खाद्यान्न को रखने के लिए गोलघर का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज किसानों की हालत खराब है। आखिर इसके लिए जिम्मेवार कौन है?
उन्होंने कहा, “देश में किसी भी प्रकार का परिवर्तन हुआ है तो वह बिहार से हुआ है। किसी भी सरकार से मेरी नाराजगी नहीं है, लेकिन बिहार का विकास होना चाहिए।”
राजनाथ ने बिहार में विधानसभा चुनाव होने से आठ महीने पहले ही मतदाताओं से दो-तिहाई बहुमत देकर भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।
dharmpath.com dharmpath