अमित शाह गुरुवार से पूर्वोत्तर के दौरे पर

अगरतला/आईजोल, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए गुरुवार से इस क्षेत्र के दौरे पर होंगे। यह पूर्वोत्तर का उनका पहला दौरा होगा। पार्टी नेताओं ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुधींद्र दासगुप्ता ने आईएएनएस से कहा, “पार्टी अध्यक्ष शाह 16-28 अप्रैल के बीच तीन चरणों में पूर्वोत्तर के आठों राज्यों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे और सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे।”

उन्होंने कहा, “भाजपा के किसी अध्यक्ष का पूर्वोत्तर के सभी आठों राज्यों का यह पहला व्यापक दौरा होगा।”

शाह के यात्रा कार्यक्रम के मुताबिक, वह 16 अप्रैल को दो दिन के लिए आईजोल पहुंचेंगे और अगले दिन नागालैंड जाएंगे। इसके बाद 18 अप्रैल को वह मणिपुर जाएंगे।

शाह 19 अप्रैल को इंफाल से नई दिल्ली लौट जाएंगे और 21 अप्रैल को सिक्किम का दौरा करेंगे। अगले दिन उनका मेघालय जाने का कार्यक्रम है, जबकि 23 अप्रैल को वह अरुणाचल प्रदेश जाएंगे। 24 अप्रैल को वह गुवाहाटी का रुख करेंगे, जहां से वह राजस्थान के लिए रवाना हो जाएंगे।

26 अप्रैल को वह गुवाहाटी वापस लौटेंगे और 27 अप्रैल को त्रिपुरा पहुंचेंगे, जिसके अगले दिन वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

भाजपा की मिजोरम इकाई के अध्यक्ष चलंगुरा जहाऊ ने कहा कि यात्रा के दौरान शाह क्षेत्र के लिए भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार की योजनाओं तथा क्षेत्र के कार्यक्रमों को विस्तार पूर्वक प्रस्तुत करेंगे।

पूर्वोत्तर क्षेत्र में भाजपा ने पिछले चुनावों में खासी कामयाबी हासिल की है।

वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा तथा उसके गठबंधन सहयोगियों ने इस क्षेत्र की 25 में से 10 सीटों पर जीत हासिल की, वहीं कांग्रेस को आठ सीटें, जबकि मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को मात्र दो सीटें मिलीं। बाकी दो सीटें स्थानीय पार्टियों के खाते में गईं।

भाजपा ने पिछले साल हुए चुनाव में त्रिपुरा में पहली बार पांच ग्राम पंचायतों में बहुमत हासिल किया, जबकि अन्य ग्राम पंचायतों तथा पंचायत समितियों में भी उसने कई सीटें जीती।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493