तेहरान, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान और संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था ‘अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी’ (आईएईए) के बीच परमाणु समझौते के शेष मुद्दों पर सहमति बन गई है।
यह परमाणु समझौता ईरान और छह विश्व शक्तियों के बीच इसी महीने के शुरुआत में हुआ।
समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, ईरान और आईएईए के बीच हुई बैठक के बाद बुधवार को आईएईए में ईरान के राजदूत रेजा नजफी ने कहा कि ईरान को उम्मीद है कि दूसरी बैठक के बाद परमाणु समझौते से जुड़े दो अन्य मुद्दों पर भी सहमति बन जाएगी।
नजफी ने कहा कि पहली बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच पिछले वर्ष से जुड़े कुछ जटिल मुद्दों एवं मारिवान में भारी विस्फोट के आरोपों पर चर्चा हुई।
नजफी ने कहा कि ईरान ने मारिवान में आईएईए को सीमित प्रवेश की इजाजत दे दी है।
ईरान के प्रतिनिधियों एवं संयुक्त राष्ट्र की परमाणु एजेंसी के बीच यह बैठक बुधवार से सुबह शुरू हुई।
इसी महीने के शुरुआत में स्विट्जरलैंड के लुसाने में चली कई चरणों की जटिल वार्ता के बाद ईरान और छह विश्वशक्तियों (अमेरिका, इंग्लैंड, रूस, फ्रांस, चीन और जर्मनी) के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर एक समझौते की रूपरेखा पर हस्ताक्षर हुए।
dharmpath.com dharmpath