राहुल सफेद झूठ बोल रहे हैं : प्रसाद

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को जन विरोधी करार देने पर भाजपा ने उनपर सबसे लोकप्रिय जनादेश के अपमान करने का आरोप लगाया। भाजपा ने रविवार को कहा कि यहां रामलीला मैदान में एक रैली को संबोधित करते समय कांग्रेस नेता सफेद झूठ बोल रहे थे।

कांग्रेस की किसान-खेत मजदूर रैली के बाद एक प्रेसवार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा, “राहुल गांधी को यह समझना होगा कि भारत में राजतंत्र नहीं है और यहां के लोगों की पसंद भाजपा है।”

भूमि अधिग्रहण अधिनियम, 2013 में केंद्र सरकार द्वारा किए गए बदलावों पर राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए प्रसाद ने कहा, “राहुल गांधी यह कहकर सफेद झूठ क्यों बोल रहे हैं कि संशोधन उद्योगपतियों के पक्ष में किए गए हैं।”

उन्होंने कहा कि संशोधन किसानों के पक्ष में किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “राहुल गांधी ने गुजरात मॉडल के बारे में बहुत कुछ कहा, लेकिन हम सोनिया और राहुल से पूछना चाहते हैं कि विकास और भूमि अधिग्रहण का वाड्रा मॉडल क्या है।”

प्रसाद ने पूछा, “क्या आपको नहर और इंदिरा आवास योजना के लिए भूमि नहीं चाहिए.. और अगर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का भूमि अधिग्रहण अधिनियम सही था तो क्यों इसी के मुख्यमंत्री इसका विरोध कर रहे थे।”

उन्होंने पूछा, “कांग्रेस के मुख्यमंत्री क्यों अपने ही भूमि अधिग्रहण अधिनियम का विरोध कर रहे थे।”

उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि, “प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया है कि पहले सरकारी भूमि का अधिग्रहण होगा फिर इस तरह के झूठ क्यों बोले जा रहे हैं।”

भाजपा नेता ने कहा, “राहुल गांधी को सबसे लोकप्रिय जनादेश का अपमान करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। हम लोकप्रिय जनादेश की इस तरह की उपेक्षा की निंदा करते हैं।”

मोदी ने कनाडा में कहा था कि वह पिछले 50 सालों की गंदगी साफ कर रहे हैं। राहुल गांधी ने रैली में मोदी के इस बयान को देश का अपमान बताया, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रसाद ने कहा, “क्या टूजी घोटाला, कोयला घोटाला कांग्रेस के कार्यकाल में नहीं हुए थे?”

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी की छुट्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोई (मोदी) देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए विदेश जाता है और कोई (राहुल गांधी) चिंतन-मनन करने।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493