नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा कांग्रेस में दरारें उस समय और अधिक स्पष्ट नजर आने लगीं जब रविवार को यहां पर आयोजित किसान रैली में पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष अशोक तंवर के संबोधन के दौरान भूपिंदर सिंह हुड्डा के समर्थकों ने व्यवधान डाला।
पार्टी के नेता संदीप दीक्षित ने अति उत्साही समर्थकों द्वारा अपने नेता के प्रति अतिरिक्त वफादारी दिखाने की इस घटना की निंदा करते हुए इसे मूर्खतापूर्ण करार दिया।
उन्होंने कहा, “यह घटना अनुचित थी और इससे गलत संदेश गया है।”
दीक्षित ने हालांकि मामले को दबाने की कोशिश करते हुए कहा, “यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। वे (समर्थक) अपने संबंधित नेताओं की वफादारी के कारण एकजुट न हों लेकिन वे किसानों के मुद्दे पर एकजुट हैं।”
इसी बीच ताकत दिखाने के उद्देश्य से गुलाबी रंग की पगड़ी पहने हुड्डा समर्थक रामलीला मैदान में मौजूद 50,000 से अधिक किसानों की भीड़ के बीच खड़े हो गए।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ किसानों और भूमिहीन मजदूरों की एक जनसभा को संबोधित किया। किसान और मजदूर भूमि अधिग्रहण विधेयक पर सरकार के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित रैली लिए इकट्ठे हुए थे।
dharmpath.com dharmpath