नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़ी भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस रेलगाड़ी में मंगलवार को आग लग गई, जिसमें रेलगाड़ी के कम से कम पांच डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए। यह आग स्टेशन पर यात्रियों को उतारने के बाद लगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी के मुताबिक, “दोपहर को रेलवे स्टेशन से सूचना मिलने के बाद 19 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।”
अधिकारियों के मुताबिक, रेलगाड़ी के कम से कम पांच डिब्बे आग की वजह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
उन्होंने कहा, “यात्रियों को स्टेशन पर उतारने के बाद रेलगाड़ी वॉशिंग लाइन के पास यार्ड में कुछ देर के लिए रुकी। इसके बाद रेल को अन्य यात्रा के लिए जाना था।”
हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
dharmpath.com dharmpath