नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को लोक सभा में कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की रैली में राजस्थान के एक किसान द्वारा आत्महत्या मामले की जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई है।
गृहमंत्री के मुताबिक दिल्ली पुलिस को इस मामले में समयबद्ध तरीके से रिपोर्ट देने को कहा गया है।
इस मुद्दे पर संक्षिप्त चर्चा के बाद राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा, “मैं पूरी सरकार की ओर से किसान की मौत पर शोक व्यक्त करता हूं।”
सिंह ने कहा कि वह उन नेताओं की प्रशंसा करते है, जिन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। इस बात का विश्लेषण होना चाहिए कि पिछले कुछ सालों में किसानों की दशा क्यों बिगड़ी?
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा दी गई सूचना के मुताबिक, गजेंद्र सिह एक झाड़ू के साथ पेड़ पर चढ़ा और खुद को फांसी लगा ली। पुलिस ने पेड़ पर चढ़ने के लिए अग्निशमन दल को बुलाया।
गृहमंत्री ने कहा कि वहां मौजूद लोगों से तालियां नहीं बजाने और उसे नहीं उकसाने के लिए भी कहा गया।
गजेंद्र सिंह ने बुधवार को जंतर मंतर पर एक पेड़ से लटककर फांसी लगा ली थी। वह राजस्थान के दौसा का रहने वाला था।
उसे राम मनोहर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
dharmpath.com dharmpath