कोलकाता, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। बंगाल अंडर-19 क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान दिवंगत अंकित केसरी के पिता ने गुरुवार को कहा कि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपने बड़े बेटे दीपक को नौकरी देने का अनुरोध करेंगे।
राजकुमार केसरी ने आईएएनएस से कहा, “अगर मैं उनसे (ममता) से मिला तो मैं उनसे अपने बड़े बेटे दीपक के लिए नौकरी का अनुरोध करूंगा। अभी हमारी माली हालत ठीक नहीं है और दीपक को यदि नौकरी मिल जाती है तो हमारे लिए काफी अच्छा रहेगा।”
दीपक और उनके पिता चाय की दुकान चलाते हैं और राजकुमार को उम्मीद है कि राज्य सरकार उनके परिवार की मदद करेगी।
उन्होंने कहा, “हमारी सारी उम्मीदें अंकित से ही थीं कि एक दिन वह अच्छा करेगा और हमें आर्थिक रूप से मदद पहुंचाएगा, लेकिन उसकी मौत के साथ ही वह सारी उम्मीदें भी खत्म हो गईं।”
अंकित के पिता ने कहा, “पिछली बार मुख्यमंत्री से जब मेरी बात हुई थी तो उन्होंने मुझे मदद का आश्वासन दिया था और बाद में मिलने के लिए कहा था। हमारे स्थानीय पार्षद को वह रोज हमारा हाल-चाल लेने भेजती थीं। मुझे उम्मीद है कि वह दीपक के लिए कुछ करेंगी, ताकि हम मानसिक रूप से भले नहीं पर आर्थिक रूप से स्थिर हो सकें।”
dharmpath.com dharmpath