लखनऊ, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक झूठी प्रोपोगंडा मशीनरी के जरिए राज्य की जनता को मूर्ख बनाने की कोशिश करने के लिए उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (एसपी) सरकार की शनिवार को आलोचना की।
भाजपा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापनों की ओर इशारा करते हुए इन्हें सफेद झूठ बताया। इन विज्ञापनों में राज्य सरकार द्वारा किसानों के कल्याण की दिशा में तेजी से काम करने का जिक्र है।
पाठक ने कहा, “ऐसे समय में जब बेमौसम बारिश की वजह से राज्य में हजार से अधिक किसान मर चुके हैं, और सरकारी तंत्र की उदासीनता से वे पीड़ित हैं, ऐसे में अखिलेश यादव सफेद झूठ कैसे बोल सकते हैं।”
उन्होंने राज्य में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के बाद किसानों को दिए गए अपर्याप्त मुआवजे के लिए कुछ आंकड़े भी पेश किए।
उन्होंने कहा, “यह तो किसानों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है।”
पाठक ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक विज्ञापन में किसान की मृत्यु पर सात लाख रुपये के मुआवजे की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह विज्ञापन एक दिखावा है, क्योंकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
उन्होंने कहा, “किसानों को 50, 100 और 200 रुपये के चेक मिल रहे हैं। कई जगहों पर तो ये चेक बाउंस हो रहे हैं। इन सबके बावजूद सरकार में इतनी हिम्मत है कि वह इस तरह के विज्ञापन पेश कर रही है।”
भाजपा नेता ने तथ्यों से छेड़छाड़ करने, केंद्र सरकार को गलत जानकारी देने और किसानों को भ्रमित करने के लिए राज्य सरकार पर आरोप लगाए हैं।
dharmpath.com dharmpath