नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में आए भीषण भूकंप के मद्देनजर हालत पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार अपराह्न तीन बजे मंत्रियों व शीर्ष सरकारी अधिकारियों की एक उच्चस्तरी बैठक बुलाई है।
नेपाल में सुबह 11.41 बजे (भारतीय समयानुसार) रिक्टर स्केल पर 7.9 तीव्रता का भीषण भूकंप आया। इसके कारण राजधानी दिल्ली से असम के गुवाहाटी तथा जम्मू एवं कश्मीर के श्रीनगर से राजस्थान के जयपुर तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप आने के आधे घंटे बाद भी कुछ झटके महसूस किए गए। यहां तक की महाराष्ट्र में नागपुर भी भूकम्प से हिल गया।
राष्ट्रीय राजधानी में जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की सीमा से लगे उत्तर प्रदेश तथा बिहार के इलाकों की स्थिति पर रपट ली है।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार तथा सिक्किम के मुख्यमंत्रियों से भी बातचीत की है। मोदी नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कुमार कोईराला से भी बात करने का प्रयास कर रहे हैं, जो अभी विदेश में हैं।
बयान के मुताबिक, मोदी ने नेपाल के राष्ट्रपति राम बरन यादव से भी बातचीत की है।
भूकंप के मद्देनजर, प्रधानमंत्री कार्यालय ने भूटान में भारतीय दूतावास से भी बातचीत की है। दूतावास भूटान के शीर्ष अधिकारियों के संपर्क में है।
dharmpath.com dharmpath