भोपाल, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस किए जाने के बाद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। सरकारी दफ्तरों में कामकाज रोक दिया गया, बड़ी दुकानें और मॉल खाली करा दिए गए और सड़कों पर जाम लग गया।
मौसम विभाग ने भूकंप के और झटके महसूस किए जाने की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार पूर्वाह्न् 11.41 बजे भोपाल, जबलपुर और राज्य विभिन्न इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.5 दर्ज की गई, जिसका केंद्र सतह से 20 किलोमीटर गहराई में नेपाल में पाया गया। भूकंप से राज्य में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में चल रही बैठक में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसके बाद बैठक बीच में ही रोक दी गई।
बल्लभ भवन में अधिकारियों के साथ बैठक में शामिल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अधिकारी एक परियोजना को लेकर प्रस्तुतीकरण दे रहे थे, तभी सबकुछ हिलने जैसा महसूस हुआ। भूकंप के झटकों का एहसास होने के बाद सब तुरंत बाहर आ गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी कर्मचारियों को भोजनावकाश से पहले भवन के अंदर न जाने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि इंसान की जान सबसे कीमती है। लिहाजा सतर्कता बरतना जरूरी है।
राज्य में भूकंप के झटके महसूस किए जाने के घंटों बाद भी लोग सामान्य स्थिति में नहीं लौट पाए हैं।
वहीं, भोपाल स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की और कहा, “भूकंप के बाद कई बार रह रह कर देर तक झटके महसूस किए जाने की आशंका बनी रहती है। इस बार भी ऐसी ही कुछ आशंका है, इसलिए लोगों को पहले से सतर्क रहना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath