हैदराबाद, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
आंध्र प्रदेश में चार या पांच सेकंड तक धरती हिलने के बाद तटीय आंध्रा के कुछ हिस्सों में लोग डरकर अपने घरों और कार्यालयों से बाहर भागे। हालांकि, अभी तक यहां जान या माल की हानि की कोई खबर नहीं आई है।
भूकंप के ये झटके विशाखापट्टनम, कृष्णा, पूर्व गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, श्रीकाकुलम जिलों में महसूस किए गए।
विशाखापट्टनम के तटीय शहर में एक महिला ने कहा कि वह रसोईघर में कामकाज में व्यस्त थी, तभी बर्तन अलमारियों से गिरने शुरू हो गए। भूकंप के झटकों का पता चलते ही वह घर से बाहर भागी।
भूकंप की वजह से कई लोगों को अपने घरों और कार्यालयों से बाहर खड़ा देखा जा सकता था। इनमें से कई लोग वापस लौटने को तैयार नहीं थे।
dharmpath.com dharmpath