राजस्थान में भूकंप के झटके, एक लड़की की मौत

जयपुर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान के कुछ हिस्सों में रविवार को आए भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां के भरतपुर जिले में बलुआ पत्थर से बना एक अस्थाई छप्पर टूट गया जिसमें दबकर एक आठ साल की बच्ची की मौत हो गई जबकि सात अन्य बच्चे घायल हो गए।

नदबाई के उप-मंडल अधिकारी शौकत अली ने आईएएनएस से फोन पर कहा, “ये सभी बच्चे भरतपुर जिले के नदबाई में एक अस्थाई छप्पर के भीतर खेल रहे थे, तभी छप्पर टूट गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह छप्पर पत्थरों से बना था और भूकंप के कारण टूट गया।”

उन्होंने कहा, “इस हादसे में आठ साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि सात बच्चे घायल हो गए। घायलों की उम्र पांच से 11 साल के बीच है।”

राज्य के जयपुर, भरतपुर और अजमेर जिलों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।

वैशाली नगर के रहने वाले आर.के. सिंह ने यहां कहा, “अपराह्न 12.42 बजे मेरे चारों ओर की चीजों ने हिलना शुरू कर दिया, तभी मैंने अपने घर से बाहर भागने की कोशिश की लेकिन तब तक भूकंप रुक चुका था। इसके कुछ मिनट बाद मुझे दोबारा हल्के झटके महसूस हुए।”

तिलक नगर इलाके में रहने वाले अरविंद शर्मा ने कहा, “मैं बिस्तर पर लेटा हुआ था, तभी वह अचानक हिलने लगा। शुरुआत में मुझे एहसास ही नहीं हुआ कि क्या हो रहा है लेकिन जल्द ही मुझे समझ आ गया और मैं घर से बाहर निकल आया।”

बड़ी-बड़ी इमारतों में रहने वाले ज्यादातर लोगों को भूकंप के झटके महसूस हुए। सबसे पहले यही लोग अपने घरों से बाहर खुले क्षेत्र में आए। भूकंप के कारण कुछ इमारतों में दरारें भी आ गई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493