पटना, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भूकंप के मद्देनजर बिहार में अगले दो दिनों तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पत्रकारों के साथ चर्चा करते हुए बताया, “शनिवार से आ रहे भूकंप के मद्देनजर राज्य के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को सोमवार और मंगलवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है।”
उन्होंने कहा कि विद्यालय खुले रहने पर भगदड़ की आशंका बनी रहेगी, इस कारण सरकार ने विद्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया है।
उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अफवाह से बचने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया द्वारा अफवाह फैलाने की कोशिश की गई थी, परंतु मीडिया ने तत्काल इसका खंडन कर अच्छा काम किया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार के करीब सभी जिलों में लोगों ने शनिवार और रविवार को भूकंप के कई झटके महसूस किए हैं।
dharmpath.com dharmpath