काठमांडू, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को कहा कि नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप में नेपाल के 39 जिलों में 80 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
काठमांडू, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को कहा कि नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप में नेपाल के 39 जिलों में 80 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, इनमें से 11 सर्वाधिक प्रभावित जिलों में अकेले 20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि राहत कार्य में भूकंप पीड़ितों को भोजन, पानी, आश्रय और दवाएं उपलब्ध करवाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 14 लाख लोगों तक तत्काल खाद्य सामग्री पहुंचाने की जरूरत है।
नेपाल में शनिवार को आए 7.9 तीव्रता वाले भूकंप में राजधानी काठमांडू और उसके आसपास का इलाका सर्वाधिक प्रभावित हुआ है तथा भूकंप से प्रभावित कुल आबादी का तीन-चौथाई हिस्सा काठमांडू से बाहर का है।
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि अगले 10 दिनों में बारिश हो सकती है, जिससे पीड़ितों की मुसीबतें और बढ़ सकती हैं तथा राहत कार्य में बाधा आ सकती है। साथ ही इसके कारण बीमारियां भी फैल सकती हैं।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, कृषि पर जीवनयापन करने वालों का जीवन सर्वाधिक प्रभावित हुआ है तथा इसके कारण खाद्य सुरक्षा पर भी सर्वाधिक असर पड़ने की संभावना है।
शनिवार को आए भूकंप में नेपाल में अबतक लगभग 4,500 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7,500 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath