मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पूर्वी महाराष्ट्र के विदर्भ के दो दिवसीय दौरे के दौरान केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा नेतृत्व वाली सरकार व राज्य सरकार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। राहुल बुधवार को यहां का दौरा शुरू करेंगे।
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि राहुल बुधवार शाम नागपुर पहुंचेंगे और अगली सुबह अमरावती से पदयात्रा शुरू करेंगे।
चव्हाण ने मीडिया से कहा, “इस दौरान भूमि अधिग्रहण विधेयक के खिलाफ व किसानों की समस्याओं तथा अन्य बड़े मुद्दों को लेकर वह कांग्रेस के एक विरोध-प्रदर्शन की शुरुआत करेंगे।”
राहुल गांधी धमानगांव रेलवे तहसील के गुंजी व शाहापुर गांव तथा चांदपुर रेलवे तहसील के रामगांव, रजाना व तोंगलबाद गांवों का दौरा करेंगे।
इस दौरे के दौरान राहुल अमरावती में 15 किलोमीटर तक पदयात्रा भी करेंगे और बेमौसम बारिश, सूखा तथा ओला वृष्टि से प्रभावित किसानों के घरों का दौरा करने की भी संभावना है।
चव्हाण ने इस ओर ध्यान दिलाया कि राज्य के अमरावती मंडल में सर्वाधिक किसानों ने खुदकुशी की है और इस साल के पहले चार महीनों के दौरान 295 किसानों ने अपनी इहलीला समाप्त कर ली, जिसके बाद औरंगाबाद मंडल में 215 किसानों ने खुदकुशी की।
dharmpath.com dharmpath