बिहार : आंधी-बारिश और वज्रपात से 12 की मौत

पटना, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान आंधी-तूफान और वज्रपात से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में वज्रपात से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। वज्रपात से लखीसराय के सूर्यगढ़ा में तीन, मुजफ्फरपुर में दो और आरा, नालंदा, हाजीपुर और जमुई में एक एक की जान चली गई।

लखीसराय के सूर्यगढ़ा प्रखंड के मेदिनीचौकी थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में नेहा कुमारी की वज्रपात से मौत हो गई जबकि मानिकपुर में अजीत कुमार और नंदपुर गांव में गोविन्द सिंह की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई।

मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ हाट के पास मंगलवार को आई तेज आंधी व बारिश के दौरान वज्रपात से रोहुआ निवासी आनंद पासवान घायल हो गए जबकि उनके पुत्र सुधीर कुमार और उसी गांव के शीतल पासवान के पुत्र सचिन कुमार की मौत हो गई।

हाजीपुर में एक घर की दीवार गिर जाने से एक वृद्घ महिला की मौत हो गई तथा कैमूर जिले के मुंडेश्वरी महोत्सव के दौरान टेंट गिर जाने से कम से कम छह लोग घायल हो गए। बक्सर के अहिरौली में एक यज्ञ के दौरान पंडाल गिर गया जिससे छह लोग जख्मी हो गए।

भोजपुर जिले में एक पेड़ के गिरने से दबकर एक आठ वर्षीय बच्चे की मौत हुई है जबकि समस्तीपुर जिले के सिंधिया में एक पुराने घर की दीवार गिरने से रेहान नामक युवक की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए़ क़े सेन ने बुधवार को बताया, “झारखंड के उपर चक्रवात बना हुआ है, जिससे बिहार में नमी की मात्रा बढ़ गई है। इस स्थिति में पूरे बिहार में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।”

उन्होंने कहा कि आगामी 30 अप्रैल तक राज्य के करीब आधे जिलों में आंधी व बारिश की आशंका के बारे में पहले ही सरकार को अवगत करा दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493