त्रिपुरा में परिषद चुनाव को लेकर सुरक्षा चुस्त

अगरतला, 2 मई (आईएएनएस)। त्रिपुरा जनजाति स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएडीसी) चुनाव के मद्देनजर राज्य की बांग्लादेश से लगी अंतर्राष्ट्रीय सीमा और पड़ोसी राज्यों से लगी सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि रविवार का मतदान निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के ये इंतजाम किए गए हैं।

टीटीएएडीसी की 30 सीटों के लिए रविवार को मतदान होंगे। राज्य का दो-तिहाई हिस्सा टीटीएएडीसी के अधिकार क्षेत्र में आता है, जिसका कुल क्षेत्रफल 10,491.69 किलोमीटर है।

पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) अनुराग ने पत्रकारों से कहा, “टीटीएएडीसी के चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय अर्धसैनिक बल, राज्य पुलिस और सीमा सुरक्षा बल पूरे राज्य में तथा अंतर्राष्ट्रीय एवं अंतर्राज्यीय सीमा पर चौकस निगरानी रखेंगे।”

अनुराग ने बताया कि रविवार को मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा तथा निर्विघ्न मतदान संपन्न कराने के लिए बीएसएफ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 13,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

अनुराग ने बताया, “त्रिपुरा स्टेट राइफल्स के 7,000 जवान, त्रिपुरा पुलिस के 3,000 तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बल के 1,200 सुरक्षाकर्मियों को मतदान वाले इलाकों एवं आस-पास के इलाकों में तैनात किया गया है।”

उन्होंने कहा, “हम टीटीएएडीसी का मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से करवाना चाहते हैं। साथ ही राज्य में अवांछित तत्वों का प्रवेश रोकने के लिए राज्य की सीमाओं पर सुरक्षा चुस्त रखना चाहते हैं।”

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बीएसएफ के अधिकारियों से भारत-बांग्लादेश सीमा पर अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती और सीमा पर बराबर निगरानी रखने के लिए कहा है।

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि बाड़रहित सीमा पर विशेष तौर पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

त्रिपुरा की 856 किलोमीटर लंबी सीमा बांग्लादेश से लगी हुई है और इस सीमा का कुछ हिस्सा बाड़रहित है। पर्वतीय क्षेत्र, घने जंगल और अन्य अवरोधों के कारण यह अंतर्राष्ट्रीय सीमा कई जगहों पर पूरी तरह सुरक्षित नहीं है और वहां से अवैध रूप से लोगों एवं आतंकवादियों के घुसपैठ का खतरा बना रहता है।

रविवार को होने वाले जिला परिषद चुनाव में 175 प्रत्याशी मैदान में हैं, और यहां बहुकोणीय मुकाबले की संभावना है। देश में वाममोर्चा की सरकार वाले एकमात्र राज्य में इस चुनाव को एक लघु विधानसभा चुनाव के रूप में देखा जा रहा है।

राज्य के निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार राकेश ने बताया कि रविवार के मतदान में 758,554 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के पात्र हैं, जिसमें 375,117 महिला मतदाता शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि टीटीएएडीसी चुनाव में पहली बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का उपयोग किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493