ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 5 मई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज टेस्ट टीम के कप्तान दिनेश रामदीन का मानना है कि विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज इंग्लैंड के साथ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला को बराबरी पर खत्म करने के बाद कैरेबियाई खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार ग्रेनाडा में मिली नौ विकेट की हार के बाद वेस्टइंडीज टीम ने शानदार वापसी की और आखिरी मुकाबले में तीसरे दिन रविवार को नौ विकेट से जीत दर्ज कर श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली। एंटिगा में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रा रहा था।
रामदीन ने पत्रकारों से कहा, “अब हमें खुद पर ज्यादा भरोसा है। हममें यह विश्वास जगा है कि हम आखिरी दिन तक बल्लेबाजी कर सकते हैं और लक्ष्य का पीछा कर किसी भी रैंकिंग वाली टीम को हरा सकते हैं।”
रामदीन के अनुसार, “अभी आस्ट्रेलियाई टीम यहां आ रही है और हम कुछ अच्छा क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।”
गौरतलब है कि इंग्लिश टीम के दौरे से पूर्व इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के अध्यक्ष कोलिन ग्रेव्स ने वेस्टइंडीज को एक औसत दर्जे की टीम बताया था।
dharmpath.com dharmpath