नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। फ्रांस के रक्षा मंत्री ज्यां येवेस ली द्रियान और भारतीय रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर यहां बुधवार को 36 राफेल युद्धक विमानों की खदीदारी पर औपचारिक रूप से वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी फ्रांस यात्रा के दौरान पूरी तरह तैयार राफेल विमानों की खरीदारी करने की घोषणा की थी।
फ्रांस दूतावास से यहां जारी एक बयान के मुताबिक, दोनों रक्षा मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 9-12 अप्रैल के फ्रांस दौरे के दौरान राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद के साथ शुरू हुई सुरक्षा और रक्षा वार्ता को आगे बढ़ाएंगे, साथ ही 36 राफेल विमानों की खरीदारी पर भी वार्ता करेंगे। मकसद है 10 अप्रैल की भारत-फ्रांस संयुक्त घोषण पर आगे की वार्ता करना।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों 28 अप्रैल से दो मई के बीच देश के पश्चिमी तट पर भारतीय और फ्रांसीसी नौसेना ने संयुक्त अभ्यास ‘वरुण’ पूरा किया है।
ली द्रियान के साथ वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और राफेल निर्माता कंपनी दस्सॉ के वरिष्ठ अधिकारी भी आएंगे। 36 राफेल आयात पर लगभग 35 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
समझौते की बारीकियां तय करने के लिए दोनों सरकारों की एक संयुक्त समिति गठित की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath