हॉकी : जापान पर बढ़त बनाए रखने की कोशिश करेगा भारत

भुवनेश्वर, 7 मई (आईएएनएस)। नवनियुक्त कोच पॉल वैन एस के मार्गदर्शन में भारतीय हॉकी टीम चार टेस्ट मैचों की सीरीज में जापान पर 1-0 की बढ़त बना चुकी है, तथा गुरुवार को जब वे कलिगा स्टेडियम में सीरीज का तीसरा मुकाबला खेलने उतरेंगे तो उनकी कोशिश इस बढ़त को कायम रखने की होगी।

पहला मैच ड्रॉ कराने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे मैच में मंगलवार को जापान को 2-0 से मात दे दी थी।

दो मैच खेलने के बाद भारतीय टीम जापान की खेल शैली से परिचित हो गई होगी और उनके आक्रमण को रोकने के लिए पर्याप्त योजनाएं भी टीम के पास होंगी।

जापान के कोच क्योंनवुक कांग ने भी माना है कि भारत को हराना आसान नहीं होगा और उनकी टीम को नई योजनाओं पर भी विचार करना होगा।

कांग ने कहा, “भारत ने दूसरे मैच में हमसे कहीं बेहतर खेल दिखाया। हमनें कई गलतियां कीं और कई मौके गंवाए। हमें तीसरे मैच में नई योजना के साथ उतरना होगा और अपने खेल में सुधार पर भी ध्यान देना होगा।”

जापान के लिए एक और बड़ी मुश्किल यह है कि टीम दोनों मैचों में मिले पेनाल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में नाकाम रही।

दूसरी ओर, भारत का प्रदर्शन अब तक अच्छा रहा है।

भारतीय टीम के मुख्य कोच पॉल वैन एस ने कहा, “हमने पहले के मुकाबले दूसरे मैच में ज्यादा बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। हम अब भी अपनी गलतियों से सीखने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। तीसरे मैच में हम और ज्यादा मौके पैदा करने और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की कोशिश करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493