खगड़िया, 7 मई (आईएएनएस)। बिहार के खगड़िया जिले के अलौली थााना क्षेत्र में बुधवार की रात भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की एक महिला नेता की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
अलौली के थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि लड़ही गांव निवासी भागो देवी बुधवार की रात अपने घर के आंगन में सोई थी तभी अपराधियों ने घर में प्रवेश कर गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक, अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
मृतका भाकपा की खगड़िया जिला कार्यकारिणी समिति की सदस्य थी।
कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर अलौली थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
dharmpath.com dharmpath