लखनऊ, 8 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में डॉक्टर राहुल गुप्ता पर हमले के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की अपील पर शुक्रवार को उप्र में निजी डाक्टर हड़ताल पर हैं। हड़ताल सुबह आठ से रात आठ बजे तक रहेगी। हड़ताल को देखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों में अलर्ट घोषित किया गया है।
इलाहाबाद में डॉक्टर रोहित गुप्ता पर जानलेवा हमले के साथ ही अपनी अन्य मांगों को लेकर प्रदेश भर के आईएमए के डॉक्टर शुक्रवार को हड़ताल पर हैं। इनको उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आश्वासन पर भी भरोसा नहीं है।
इनकी मांग इलाहाबाद के डाक्टर रोहित गुप्ता पर हमला करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ ही इलाहाबाद के स्वरूप रानी अस्पताल के डा. दिलीप चौरसिया व डा़ मनीषा द्विवेदी का निलंबन रद करने की है।
इसके अलावा पंजीकरण तथा निगरानी के नाम पर अस्पतालों एवं डायग्नोस्टिक सेंटर में सीएमओ का हस्तक्षेप बंद करने, डा. रोहित गुप्ता पर जानलेवा हमला करने वालों पर संशोधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तथा इस प्रकरण को लेकर आंदोलन चला रहे चिकित्सकों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग भी शामिल है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी कुछ दिनों पहले एक बयान में कहा था कि निजी अस्पतालों के चिकित्सकों को हर हाल में सुरक्षा दी जाएगी।
dharmpath.com dharmpath