उप्र सरकार ने नेपाल भेजी 552 ट्रक राहत सामग्री

लखनऊ, 8 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश के बाद प्रदेश से नेपाल में भूकंप पीड़ितों के लिए अभी तक 552 ट्रक राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, भूकंप पीड़ितों के लिए टेंट, गद्दे, तिरपाल, कंबल, पानी शुद्घिकरण की दवाइयां, स्वच्छता किट, बर्तन सहित कई तरह की राहत सामग्रियां भेजी गई हैं।

बयान में कहा गया है कि नेपाल में आए भूकंप के मद्देनजर अब तक सोनौली इंडो-नेपाल बार्डर होते हुए कुल 552 ट्रक राहत सामग्री भेजी गई है, जिसमें बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री (चावल, दाल, आटा, आलू, प्याज, नमक इत्यादि) शामिल हैं।

बयान के मुताबिक, 146 ट्रक बिस्किट एवं अन्य सूखे मेवे, 80 ट्रक मिनरल वाटर, 11 ट्रक मैगी व नूडल्स इत्यादि, 17 ट्रक दवाइयां व क्लीनिकल सामग्री, तीन ट्रक गद्दे, दो ट्रक कपड़े एवं 68 ट्रक कबल, तिरपाल, टेंट तथा दो ट्रक बर्तन तथा दो ट्रांसफर्मर शामिल हैं। इसके साथ ही 3,583 तौलिया, 3,026 चटाई, 2,931 टार्च, तथा 936 सोलर लालटेन तथा 10 कुन्तल रस्सी भी भेजी गई है।

राहत सामग्री एकत्रित कर गोरखपुर-सोनौली मार्ग से नेपाल पहुंच रही है। यह सामग्री मुख्यत: लखनऊ, शाहजहांपुर, संतकबीर नगर, मुरादाबाद, मेरठ, सीतापुर, हरदोई, फैजाबाद, आगरा, बनारस, आजमगढ़, सिद्घार्थनगर, बस्ती, बिजनौर, गाजियाबाद, शामली एवं बागपत से भेजी गई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493