गया, 9 मई (आईएएनएस)। विश्व में शांति का प्रतीक बन चुके प्रसिद्घ महाबोधि मंदिर परिसर में स्थित पवित्र बोधिवृक्ष का पौधा अब चीन और मंगोलिया जाएगा। पौधा बोधगया से दिल्ली भेज दिया गया है।
बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीएमटीसी) के सचिव एऩ दोरजे ने शनिवार को बताया कि पवित्र बोधिवृक्ष के दो पौधे शुक्रवार रात दिल्ली भेज दिए गए हैं। इसके पूर्व पौधे को महाबोधि मंदिर के गर्भगृह और वज्रासन के समीप रखकर पूजा अर्चना की गई। इसके बाद लकड़ी के एक बक्से में रखकर दिल्ली भेजा गया।
बीएमटीसी के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने बिहार सरकार को एक पत्र लिखकर बोधिवृक्ष के दो पौधों की मांग की थी।
मंदिर के प्रमुख पुजारी भिक्षु चलिंदा ने बताया कि भारत सरकार की उच्चस्तरीय समिति की प्रस्तावित चीन और मंगोलिया यात्रा के क्रम में शांति के प्रतीक के रूप में उक्त पवित्र पौधा वहां की सरकारों को उपहार स्वरूप दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बौद्घ संप्रदाय के लोग बोधिवृक्ष की पूजा करते हैं। इसके पूर्व बोधिवृक्ष का पौधा थाईलैंड, नेपाल, भूटान, दक्षिण कोरिया और वियतनाम भेजा जा चुका है।
मान्यता है कि पड़ोसी देश नेपाल के लुम्बिनी में जन्मे भगवान बुद्घ को इसी महाबोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त हुआ था। महाबोधि मंदिर को देखने के लिए प्रतिवर्ष देश-विदेश के लाखों लोग यहां पहुंचते हैं।
dharmpath.com dharmpath