भोपाल, 10 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में रविवार सुबह से छाई बदली गर्मी से कुछ राहत दिला रही है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य में रविवार को धूप अपेक्षाकृत कम चुभन भरी है। हवाओं में गर्माहट भी नहीं है। मौसम में आए इस बदलाव की वजह अरब सागर की ओर से आ रही नमी और गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बनना बताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान होशंगाबाद, भोपाल, उज्जैन और इंदौर संभागों में कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।
मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में इजाफा हुआ है। राजधानी भोपाल में रविवार को न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री, इंदौर में 23.6 डिग्री, ग्वालियर में 25.5 डिग्री और जबलपुर में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शनिवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री, इंदौर में 40 डिग्री, ग्वालियर में 43 डिग्री और जबलपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath