मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। फिल्म अभिनेता दीपक डोबरियाल का कहना है कि वह फिल्मों में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं करके बॉलीवुड में किसी एक छवि में बंधने से खुद को बचाना चाहते हैं।
दीपक आने वाली फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ में दिखाई देंगे।
इससे पहले ‘ओमकारा’ और ‘दबंग2’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके दीपक ने आईएएनएस को बताया, “फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ (2011) के बाद मुझे पता था कि सिर्फ हास्य भूमिकाओं के प्रस्ताव मिलेंगे और मैं यह भी जानता था कि मैं उन सभी प्रस्तावों को ठुकरा दूंगा।”
उन्होंने कहा, “यदि यह मेरे अनुरूप भूमिका है, तो मैं करूंगा। लेकिन एक अभिनेता होने के नाते क्या करना है और क्या नहीं करना इसका फैसला मुझे ही करना है। इसलिए मैं हर तरह की भूमिकाएं करने की कोशिश करता हूं, ताकि किसी एक छवि में न बंध जाऊं।”
कई फिल्मों में सहायक भूमिकाएं निभा चुके दीपक किसी जीवनी पर आधारित फिल्म में मुख्य भूमिका निभाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं जीवनी पर आधारित फिल्म में मुख्य भूमिका करना चाहता हूं। हम यह सब सोचते हैं, लेकिन हमें वह भूमिका नहीं मिलती, जिसके बारे पूरा समय हम सपने देखते रहते हैं। देखते हैं कि मेरे भाग्य में क्या है। लेकिन मैं जीवनी आधारित फिल्म में काम करने के लिए बेसब्र हूं।”
dharmpath.com dharmpath