पंजाब, हरियाणा में 163 लाख टन गेहूं की खरीदी

चण्डीगढ़, 11 मई (आईएएनएस)। पंजाब और हरियाणा में वर्तमान खरीदी सत्र में 163 लाख टन से अधिक गेहूं की खरीदी हुई है। यह बात सोमवार को दोनों राज्यों के खाद्य और आपूर्ति अधिकारियों ने कही।

बेमौसमी बारिश के कारण शुरू में फैसलों को नुकसान होने की आशंका जताए जाने के बावजूद पंजाब में करीब 98 लाख टन और हरियाणा में 65 लाख टन से अधिक खरीदी हुई।

हरियाणा के खाद्य और आपूर्ति मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा, “हरियाणा ने अब तक 65,08,486 (65.08 लाख) टन खरीदी कर ली है, जो लक्ष्य से अधिक है। गत वर्ष इसी समान अवधि में 62,90,874 (62.90 लाख) टन खरीदी हुई थी।”

राज्य ने इस सत्र में 65 लाख टन खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया था।

99.9 फीसदी से अधिक खरीदी सरकारी एजेंसियों ने की है और सिरसा, कर्नाल तथा फतेहाबाद जिले खरीदी में सबसे आगे चल रहे हैं।

पंजाब में 97.98 लाख टन खरीदी में से 93.15 लाख टन से अधिक खरीदी सरकारी एजेंसियों ने की है। शेष खरीदी निजी व्यापारियों ने की है।

पंजाब ने वर्तमान सत्र में 110 लाख टन खरीदी का लक्ष्य रखा है। गत वर्ष पंजाब ने 119.31 लाख टन खरीदी की थी।

पिछले महीने किसानों और विपक्षी पार्टियों ने धीमी गति से खरीदी को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की थी। बेमौसम बारिश से फसलों की बर्बादी झेल चुके किसानों ने आरोप लगाया था कि उनके अनाज खरीदे नहीं जा रहे हैं।

पंजाब के खाद्य विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक विभाग ने सभी खरीदी केंद्रों को सख्त हिदायत दे रखी है कि खरीदी और भुगतान की स्थिति के बारे में दैनिक रपट भेजी जाए।

प्रवक्ता ने कहा, “खरीदी और भुगतान में देरी की रपट मिलने पर यह फैसला लिया गया।” उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि खरीदी के 48 घंटे के भीतर भुगतान जारी कर दिया जाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493